19 अक्टूबर 2020 - 13:40
भारत ने चीन का एक सैनिक पकड़ लिया, सैनिक की शनाख़्त कॉरपोरल वांग या लॉन्ग के रूप में हुई है

लद्दाख़ में एलएसी पर भारत और चीन के बीच सीमा पर जारी तनाव के बीच, भारतीय सैनिकों ने एक चीनी सैनिक को पकड़ लिया है।

भारतीय सूत्रों का कहना है कि ईस्टर्न लद्दाख़ में लाइन ऑफ़ एक्चुअल कंट्रोल (एलएसी) के डेमचॉक सेक्‍टर में कुछ हलचल हुई है। जहां चीन की पीपुल्‍स लिबरेशन आर्मी के एक सैनिक को भारतीय सैनिकों ने हिरासत में लिया है।

भारतीय रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी करके विवादित क्षेत्र में चीनी सैनिक को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है।

सैनिक की शनाख़्त कॉरपोरल वांग या लॉन्ग के रूप में हुई है, जो भटक कर भारतीय सीमा में पहुंच गया था।

मंत्रालय का कहना है कि चीनी सैनिक को चिकित्सा सहायता, भोजन और गर्म कपड़े दिए गए हैं और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें चीनी पक्ष को लौटा दिया जाएगा।

नई दिल्ली का कहना है कि सोमवार को चीनी सेना ने भारतीय सेना से अपने एक लापता सैनिक को खोजने का अनुरोध किया था। हालांकि भारतीय सेना तब तक उसे हिरासत में ले चुकी थी।

हालांकि चीन ने तुरंत रूप से भारतीय मीडिया की इस कहानी पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

15 जून को गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प में 20 भारतीय सैनिकों की मौत हो गई थी। उसके बाद से ही सीमा पर युद्ध की स्थिति बनी हुई है।

सीमा पर दोनों तरफ़ से भारी संख्‍या में सैनिकों और हथियारों को तैनात किया गया है। दोनों ही देश एक दूसरे पर द्विपक्षीय समझौतों के उल्लंघन और तनाव में बढ़ाने का आरोप लगा रहे हैं।